नई दिल्ली। पाकिस्तान ए ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में उसका सामना श्रीलंका ए से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में भारत ए को हराकर खिताबी दौर का टिकट कटाया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ए ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए। टीम की सबसे बड़ी ताकत शहादत हुसैन दीपू रहे, जिन्होंने 118 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 103 रन की शतकीय पारी खेली। महिदुल इस्लाम अंकोन ने 78 गेंदों में 42 रन और एसएम मेहरोब ने 36 गेंदों में 28 रन जोड़े। निचले क्रम में रिपन मोंडल ने 12 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सुफियान मुकीम ने 10 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि अली रजा और हसन नवाज ने दो-दो विकेट हासिल किए। अहमद दानियाल को 1 सफलता मिली।
233 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ए ने 45.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाकर मैच जीत लिया। शुरुआत में शमील हुसैन (14) और माज सदाकत (6) जल्दी आउट हो गए, लेकिन शहजैब खान ने 85 गेंदों में 50 रन और हसन नवाज ने 91 गेंदों में 62 रन की अहम पारियां खेलकर टीम को संभाला। कप्तान अब्दुल समद ने 33 गेंदों में 4 चौकों व 4 छक्कों के दम पर 44 रन बनाए, जबकि फरहान यूसुफ ने 39 गेंदों में नाबाद 46 रन की निर्णायक पारी खेली। रोहैल नाजिर नाबाद 2 रन पर रहे।
बांग्लादेश के लिए रिपन मोंडल (9 ओवर, 52 रन, 2 विकेट) और रकीबुल हसन (10 ओवर, 58 रन, 2 विकेट) ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एमडी रुबेल को 1 सफलता मिली। इस जीत के साथ पाकिस्तान ए ने फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ खिताबी भिड़ंत पक्की कर ली है।
