साकेत कोर्ट ने रोहिणी स्थित एक ट्रस्ट को गुरुजी का आश्रम नाम, उनकी कॉपीराइट वाली तस्वीरों का इस्तेमाल करने और बड़े मंदिर से जुड़ाव का दावा कर चंदा मांगने से रोक दिया है। जिला न्यायाधीश (कमर्शियल कोर्ट) बलवंत राय बंसल ने बृहस्पतिवार को गुरुजी का आश्रम ट्रस्ट के पक्ष में एकपक्षीय अंतरिम आदेश जारी किया। यह रोक अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

गुरुजी का आश्रम ट्रस्ट की ओर से अधिवक्ता संदीप कपूर ने कोर्ट को बताया कि वर्ष 1999 में गुरुजी (श्री निर्मल सिंह महाराज) और उनकी मां ने इस ट्रस्ट की स्थापना की थी। ट्रस्ट का आरोप था कि रोहिणी में संचालित सत्संग हाउस में गुरुजी की तस्वीरें लगाकर और इंटरनेट मीडिया पर उनका इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को बड़े मंदिर से जुड़ाव होने का भ्रम दिया जा रहा था। यहां तस्वीरों के सामने क्यूआर कोड लगाकर चंदा भी मांगा जा रहा था। साथ ही 20 महीने तक एक लाख रुपये की किस्त जमा कराने वाली निवेश समिति चलाने का आरोप भी लगाया गया।

कोर्ट ने सर्व समर्पित अवन समर्पण ट्रस्ट और अन्य संबंधित पक्षों को यह निर्देश दिया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की ओर से पेश दस्तावेजों, तस्वीरों और इंटरनेट मीडिया के स्क्रीनशॉट का अवलोकन किया। प्रथम दृष्टया तस्वीरों को कॉपीराइट वाली तस्वीरों के समान पाया। साथ ही क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी के माध्यम से चंदा जुटाने के साक्ष्यों को भी संज्ञान में लिया।

कोर्ट ने कहा कि दोनों संस्थाओं की गतिविधियां समान होने से श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की आशंका है। प्रथम दृष्टया ट्रेडमार्क, कॉपीराइट उल्लंघन और भ्रामक पहचान का मामला बनता है।