मणिपुर में जहरीली स्थानीय शराब पीने से शनिवार को 3 और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। शुक्रवार को 15 लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, 1,000 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थौबल जिले के यैरिपोक, चंदेल, काकचिंग, सुगनू और चकपीकारोंग सहित कई इलाकों के लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे आईसीयू में भर्ती हैं।

इस बीच, केंद्र सरकार ने देश में मंजूर दवाओं का समेकित राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार करने की पहल शुरू की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) पुराने और बिखरे रिकॉर्ड एक जगह लाने के लिए फार्मा कंपनियों और उद्योग संगठनों से 1988 से पहले मंजूर दवाओं के अप्रूवल रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज मांग रहा है। इस प्रक्रिया में फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन के रिकॉर्ड भी शामिल होंगे और इनकी मंजूरी व नियामकीय स्थिति का पता लगाया जाएगा।

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार शाम एक घर में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और बहू झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है। घायलों में बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति (21) शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे घर की पहली मंजिल पर आग लगी और धुआं पूरे घर में फैल गया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने ध्रुव और नीति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि सुनीता एक कमरे में फंसी रह गईं।