उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समीकरण बनाने शुरू कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी पीडीए राजनीति के जरिए जातीय समीकरण अपने पक्ष में करने में जुटी है, वहीं राम मंदिर दान विवाद, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण बयान और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती विवाद को उठाकर वह भाजपा की हिंदुत्व वाली राजनीति को भेदने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव ने पिछले चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा को एक मुद्दा दे दिया है, जो श्रीकृष्ण से जुड़ा है।
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए बयान को आधार बनाकर समाजवादी पार्टी ने विवाद खड़ा किया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जगह-जगह पुतले फूंके गए। इस विवाद से श्रीकृष्ण यूपी की राजनीति में चर्चा में आ गए। अखिलेश यादव इसे मुद्दा बनाने में जुटे रहे, जबकि भाजपा ने इसे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मामले में बदल दिया। गौरतलब है कि 2022 के चुनाव में भी अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को 'बुलडोजर बाबा' कहा था, जिसे भाजपा ने मुद्दा बनाकर सत्ता में वापसी की।
भाजपा अब तक विकास योजनाओं को आधार बनाकर चुनावी तैयारियों में जुटी थी, लेकिन जातीय समीकरण और सॉफ्ट हिंदुत्व के असर की आशंका बढ़ने पर उसने भी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के एजेंडे में अयोध्या, काशी और मथुरा प्राथमिकता में रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार है और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर आकार ले चुका है। अब 2027 के चुनाव से पहले भाजपा मथुरा के मुद्दे को गरमाकर राजनीतिक बढ़त बनाने की कोशिश करती दिख रही है, जिसकी वजह विपक्ष के हिंदुत्व वाली राजनीति पर आर-पार मानी जा रही है।
मथुरा में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत 'राधे-राधे कमल खिला दे' से हुई और इसमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी उठा। तीसरी बार सरकार बनने की स्थिति में छह माह के भीतर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की बात कही गई। इसके बाद सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने आरोप लगाया कि यह मुद्दा चुनाव में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए उठाया जा रहा है। वहीं, प्रतापगढ़ के कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे यादव और माधव को एक मानते हैं और विरोध करने वालों से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर औरंगजेब के कलंक को मिटाने के लिए कारसेवा में साथ चलने की अपील की। इन बयानों और मथुरा की बैठक से निकले संदेशों ने श्रीकृष्ण पर राजनीति को गरमा दिया है।
