मेरठ के सूरजकुंड स्थित महापौर कैंप कार्यालय को तोड़कर वहां 46 करोड़ रुपये की लागत से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जलनिगम सीएंडडीएस मेरठ शाखा के अधिकारी इसी महीने लखनऊ में नगर विकास विभाग के उच्च अधिकारियों के सामने डीपीआर का प्रजेंटेशन करेंगे। इसके बाद डिजाइन को फाइनल कर ठेका एजेंसी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने का सुझाव महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने दिया था। इसके बाद नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने डीपीआर तैयार करने का काम जलनिगम सीएंडडीएस शाखा मेरठ को सौंपा था। जलनिगम सीएंडडीएस ने जो प्रस्ताव तैयार किया है, उसके अनुसार दो बेसमेंट सहित चार मंजिला भवन बनेगा। इसकी प्रारंभिक डिजाइन भी तैयार कर ली गई है।

दोनों बेसमेंट में 151 वाहनों की पार्किंग होगी, जिसमें 100 कारें और 51 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। कॉम्प्लेक्स में कुल 224 दुकानें बनाई जाएंगी। ग्राउंड फ्लोर पर 49, फर्स्ट फ्लोर पर 49 तथा दूसरे और तीसरे फ्लोर पर 63-63 दुकानें बनाई जाएंगी।

जलनिगम सीएंडडीएस मेरठ शाखा के परियोजना प्रबंधक रंजीत कुमार ने बताया कि व्यावसायिक भवन के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। अब इसके आगे की प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी करनी है।