मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पल्लवपुरम क्षेत्र के पल्हेड़ा फ्लाईओवर का लेंटर अचानक टूटकर नीचे गिरने लगा। ऊपर से मलबा गिरता देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कई लोग बाल-बाल बच गए और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले फ्लाईओवर के हिस्से से अचानक लेंटर का मलबा नीचे गिरने लगा। जिस जगह मलबा गिरा, वहां से लोगों की आवाजाही बनी रहती है। घटना के बाद फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

एनएचएआई कर्मचारियों ने दावा किया है कि फ्लाईओवर के नीचे बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बाधित कर दिया गया है और पुल पर भी एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया है। हालांकि मौके की स्थिति इस दावे से अलग नजर आई और फ्लाईओवर के ऊपर दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन जारी रहा। एनएचएआई कर्मचारियों के मुताबिक, विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण करेगी और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फ्लाईओवर को कितना नुकसान पहुंचा है तथा मरम्मत के लिए क्या कदम उठाने होंगे।

सबसे चिंताजनक स्थिति फ्लाईओवर के नीचे की है, जहां फल बेचने वालों के ठेले और खाने-पीने के खोमचे लगे हुए हैं। मलबा गिरने की घटना के बावजूद लोग इन ठेलों पर रुककर खाना खाते और खरीदारी करते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक क्षतिग्रस्त हिस्से की पूरी जांच और मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक नीचे किसी भी तरह की गतिविधि पर रोक लगनी चाहिए।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि उन्हें इस घटना के संबंध में पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम को मौके पर लगाया जा रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के जिस हिस्से में क्षति हुई है, उसकी तरफ का रास्ता बंद कराया जाएगा, जिससे पुल को और नुकसान पहुंचने के साथ ही लोगों की जान जोखिम में न पड़े।