छठ पूजा के समापन के बाद बिहार के मिथिला क्षेत्र में सामा-चकेवा पर्व की शुरुआत हो चुकी है। कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि से शुरू होकर यह पर्व पूर्णिमा के दिन संपन्न होता है। इस साल यह 16 नवंबर, सोमवार से आरंभ हो चुका है। यह लोक-परंपरा भाई-बहन के अटूट रिश्ते और समाज में सच्चाई के महत्व को दर्शाती है।

पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री का नाम सामा था। कथा के मुताबिक एक चुगलखोर ने श्रीकृष्ण को झूठी खबर दी कि सामा के किसी से गलत संबंध हैं। इस अफवाह से क्रोधित होकर श्रीकृष्ण ने सामा को पक्षी बनने का श्राप दे दिया। सामा पक्षी रूप में जंगलों में भटकती रही। इस अन्याय से दुखी उसके भाई चकेवा ने अपने प्रेम और समर्पण से बहन को फिर से मनुष्य रूप दिलवाया और चुगले को उसकी गलती की सजा दी गई। इसी कथा की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है।

पर्व के दौरान सामा और चकेवा की मिट्टी की छोटी मूर्तियां बनाई जाती हैं। इसके अलावा चुगला, वृंदावन, बटगामनी, पेड़ और पक्षियों जैसे कई पात्र भी बनाए जाते हैं। इन मूर्तियों को अलग-अलग रंगों से सजाकर रंगीन बांस की टोकरियों में रखा जाता है। महिलाएं समूह में इकट्ठा होकर इन टोकरियों को लेकर खुले खेतों या आंगन में जाती हैं और भाइयों की सलामती के लिए पारंपरिक गीत गाती हैं। पूर्णिमा की रात मूर्तियों को पानी में विसर्जित कर दिया जाता है, जिसके साथ पर्व का समापन होता है। विदाई उन्हीं रस्मों के साथ की जाती है जैसे बेटी और उसके पति को विदा करते समय की जाती है, जिसमें खाना, कपड़े और गहने जैसे तोहफे शामिल होते हैं।

इस परंपरा में महिलाएं चुगला की प्रतिमा की चोटी में आग लगाकर उसे प्रतीकात्मक रूप से पीटती हैं और दीये की लौ से चुगला की जीभ झुलसाती हैं। इसके जरिए भाई-बहन के प्यार में दरार डालने वाली नकारात्मकता, बुराई और चुगली करने वालों का विरोध किया जाता है। पर्व के दौरान बहनें भाइयों को नई फसल से तैयार चूड़ा-दही खिलाती हैं, जिसे नई शुरुआत और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। अंतिम दिन बहनें सेखारी में चूड़ा, मढ़ी और मिठाई भरकर भाइयों को देती हैं। इसे पांच मुठ्ठी देने की रिवाज है, जो भाई-बहन के संबंध की मिठास और मजबूती का प्रतीक है। यह पर्व मिथिला परंपरा की समृद्ध पहचान का हिस्सा है और समाज को यह संदेश भी देता है कि झूठी अफवाह और चुगली से बचना चाहिए।