शादी के मौसम में बॉलीवुड के कई गीतों की धूम रहती है, लेकिन मोहम्मद रफी की आवाज में गाया एक विदाई गीत ऐसा है जिसे लोग आज भी वेडिंग में बजाने से बचते हैं। यह गीत है 'चलो रे डोली उठाओ कहार, पिया मिलन की रुत आई', जो साल 1979 में रिलीज हुई फिल्म 'जानी दुश्मन' का है। जितेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा स्टारर इस फिल्म का यह गीत रिलीज के समय उत्तर भारत में लड़की को डोली में बिठाते वक्त खूब बजाया जाता था, लेकिन अब यह शादियों में सुनाई नहीं देता।
खासतौर पर लड़की की विदाई के समय लड़की का भाई इस गाने को बजाने से बचता है, क्योंकि इसकी पंक्तियां सुनकर पिता और बेटी की आंखों से आंसू थमते नहीं हैं। राजकुमार कोहली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में गाने का इस्तेमाल शादी के सीन में किया गया था, लेकिन स्थिति अलग थी। फिल्म में जब भी कोई लड़की लाल जोड़ा पहनकर डोली में विदा होती थी, वह गायब हो जाती थी और खुशी का माहौल गम में बदल जाता था।
यही कारण है कि फिल्म का यह गाना बेहद हिट होने के बावजूद शादी-ब्याह के जश्न का हिस्सा नहीं बन पाता। कई लोगों के मन में इस गाने के साथ दिखाए गए सीन्स आज भी ताजा हैं और वे इसे अपशगुन मानते हैं। फिल्म में इस गीत को मोहम्मद रफी ने अपनी मधुर आवाज में गाया, इसके बोल वर्मा मलिक ने लिखे और संगीत लक्ष्मीकांत प्यारे लाल ने दिया था।
