26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों की आज 18वीं बरसी है। 60 घंटे तक चले इन हमलों में विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों की जान गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। बरसी पर मुंबई में शहीदों और निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते से मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 हथियारबंद आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल सहित कई स्थानों पर गोलीबारी और विस्फोट किए थे। आतंकियों ने कई जगहों पर लोगों को बंधक बनाया था। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो और एनएसजी के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 60 घंटे बाद हमले को खत्म किया। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया।

हमले में शामिल अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था और मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई। साजिश में शामिल डेविड हेडली ने अमेरिकी अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में बयान दिया, जबकि तहव्वुर राणा को 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया। हालांकि, हमलों के कई प्रमुख साजिशकर्ता अब भी भारत की पहुंच से बाहर हैं और माना जाता है कि उनमें से कई पाकिस्तान में मौजूद हैं।

हर साल की तरह इस बार भी मुंबई पुलिस मुख्यालय सहित हमले में निशाना बनाए गए स्थानों पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाती है। मुंबईवासी 'प्रेरणा स्थल' पर भी इकट्ठा होते हैं, जहां सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा है, जिन्होंने गिरगांव चौपाटी पर आतंकवादियों से लड़ते हुए कसाब को पकड़ने के दौरान अपनी जान गंवाई थी। इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा जारी है, वहीं हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह अन्य साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों को तामील कराना बाकी है। विशेष अदालत ने इसी साल जुलाई में छह फरार आरोपितों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी किए थे। अभियोजन पक्ष ने अगस्त और सितंबर में अदालत को बताया था कि उसने गृह मंत्रालय से इन आदेशों को तामील कराने का अनुरोध किया है, लेकिन मंत्रालय ने अभी तक इसका कोई जवाब नहीं दिया है।