मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत सूरत-बिलिमोरा खंड पर रेलगाड़ियों को ऊर्जा देने के लिए ओवरहेड तार (ओएचई) लगाने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। रेल मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सुरक्षा और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीम की कड़ी निगरानी में छोटे-छोटे हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति की जाएगी। यह कुल 508 किलोमीटर लंबे गलियारे का हिस्सा है।

रेलवे ने जन-सुरक्षा को लेकर परामर्श भी जारी किया है। इसमें इस मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आम जनता को आगाह किया गया है कि वे ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों या उपकरणों के पास न जाएं, उन्हें न छुएं और इस हिस्से के निकट कोई अनधिकृत काम न करें।

अधिकारियों के अनुसार, बिजली आपूर्ति शुरू होने का अर्थ यह नहीं है कि यह खंड ट्रेन परिचालन के लिए तैयार है। उन्होंने इसे उस लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

मंत्रालय ने हाल ही में 100 किलोमीटर लंबे सूरत-वापी खंड पर बुलेट ट्रेन परिचालन शुरू करने की समय-सीमा अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दी है।