पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक गोदाम के पास खुले क्षेत्र में रखे कबाड़ में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग के अनुसार, मेट्रो पिलर नंबर 578 के पास आग लगने की सूचना सुबह 5:12 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

दमकल विभाग के अनुसार, घटनास्थल पर खुले क्षेत्र में करीब 1500 वर्ग गज में रखे कबाड़ में आग लगी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई। शुरुआत में एक क्विक रिस्पांस व्हीकल, तीन वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर भेजे गए थे। बाद में कुल नौ दमकल वाहन मौके पर तैनात किए गए, जिनमें चार वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर, एक क्यूआरवी और एक मिस्ट प्रेशर वाहन शामिल थे।

सुबह 5:47 बजे आग को मेक-4 श्रेणी में रखा गया। इसके बाद दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और अभियान की निगरानी कर रहे हैं। आग से संबंधित अपडेट भी जारी किया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।