नालंदा के इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के बरहगांवा में 564 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए 382 करोड़ रुपये के बजट को वित्त विभाग की स्वीकृति मिल गई है। यह जानकारी इस्लामपुर के विधायक रुहेल रंजन ने एकंगरसराय में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल से भी इसकी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने कहा कि बरहगांवा में औद्योगिक पार्क की स्थापना के लिए वे लगातार प्रयासरत थे। इस संबंध में उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से कई बार मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने औद्योगिक पार्क की आवश्यकता, क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं और स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सरकार से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया था।

विधायक के अनुसार, यह औद्योगिक पार्क इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे नालंदा जिले के विकास को नई गति देगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और विभिन्न उद्योगों की स्थापना तथा निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं, जिससे पलायन कम करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक पार्क की स्थापना से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। परिवहन, माल ढुलाई, गोदाम, होटल, रेस्टोरेंट, दुकान और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों के विस्तार की संभावनाएं बनेंगी। इसका लाभ स्थानीय कारोबारियों, किसानों और आम लोगों को भी मिल सकता है। साथ ही क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। विधायक ने बताया कि वित्त विभाग से बजट की स्वीकृति के बाद अब राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।