नालंदा के करनौती रेलवे स्टेशन के पास दानापुर-राजगीर पैसेंजर ट्रेन (63340) की एक बोगी ज्वाइंटर से अलग हो गई। इस घटना से रेल परिचालन प्रभावित हुआ और राजगीर से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। कई ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों विलंब से चलीं, जबकि कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।

राजगीर से पटना जाने वाली फास्ट मेमू पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई। मुंबई से राजगीर आने वाली जनता एक्सप्रेस छह घंटे विलंब से पहुंची, जबकि बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस पांच घंटे और पटना-राजगीर फास्ट मेमू पैसेंजर चार घंटे देर से राजगीर पहुंची। राजगीर से दानापुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी करीब ढाई घंटे विलंब से रवाना हुई। नई दिल्ली से राजगीर आने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस को प्रभावित रेलखंड से पास करा दिया गया, जिससे उसके यात्रियों को कुछ राहत मिली।

ट्रेनों के विलंब और रद्द होने की सूचना से स्टेशनों पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। दूसरे शहरों और प्रदेशों से आने-जाने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी हुई। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के बाद बड़ी संख्या में लोग काम पर लौट रहे हैं, ऐसे में ट्रेनों में भीड़ बढ़ी हुई है। नालंदा समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों जाते हैं और लंबी दूरी के लिए रेलवे पर निर्भर रहते हैं। ट्रेनें रद्द होने और घंटों देर से चलने से यात्रियों को समय पर गंतव्य पहुंचने में दिक्कत हो रही है और कई को अपनी आगे की यात्रा व कामकाज के समय में बदलाव करना पड़ रहा है। रेल परिचालन प्रभावित होने से राजगीर स्टेशन पर भी दिनभर यात्रियों की आवाजाही और इंतजार की स्थिति बनी रही।