नीट पीजी काउंसलिंग के दूसरे राउंड के बाद 10,000 से अधिक पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सीटें 'ब्लॉक' श्रेणी में आ गई हैं। इसके चलते सरकार हाल ही में लागू किए गए 'फ्लोट सिस्टम' में बदलाव पर विचार कर रही है।
मेडिकल एडमिशन और काउंसलिंग प्लेटफॉर्म 'SARTHA' ऐप के अनुसार, नीट पीजी काउंसलिंग के दूसरे राउंड के बाद 10,105 सीटें ब्लॉकिंग श्रेणी में दर्ज की गईं। एमसीसी (ऑल इंडिया) काउंसलिंग के डेटा से पता चलता है कि ये वे सीटें हैं, जिन्हें उन छात्रों ने रोक रखा है, जिन्हें किसी दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया में भी सीट आवंटित हुई है। यह डेटा डॉ. कपिल देव ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
ऐप के अनुसार, ब्रांच-वार आंकड़ों में एमडी जनरल मेडिसिन में सबसे अधिक 1,026 सीटें ब्लॉक हैं। इसके बाद एमएस ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (861) और एमएस जनरल सर्जरी (786) का स्थान है। मेडिकल-सोशल एक्टिविस्ट डॉ. नचिकेत भाटिया ने भी सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उठाया है।
काउंसलिंग प्रक्रिया से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, 'फ्लोट' सुविधा, जो उम्मीदवारों को अपग्रेड की तलाश के दौरान अपनी आवंटित सीट बनाए रखने की अनुमति देती है, सीटों के दोहरी ब्लॉक होने का कारण बन सकती है, क्योंकि ऑल-इंडिया और राज्य स्तरीय काउंसलिंग अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक साथ चलती हैं। अधिकारी ने कहा कि कोई उम्मीदवार दोनों प्रक्रियाओं में 'फ्लोट' का विकल्प चुनकर दो सीटें ब्लॉक कर सकता है। अधिकारी के मुताबिक, भविष्य की काउंसलिंग प्रक्रियाओं में सरकार 'फ्लोट' को केवल पहले राउंड तक सीमित करने और दूसरे राउंड से ही फिजिकल जॉइनिंग अनिवार्य बनाने पर विचार कर सकती है। तीसरे राउंड में फिजिकल जॉइनिंग अनिवार्य है।
