गुरुग्राम के चंदू गांव में गुरुवार को नाइजीरिया का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा और स्वयं सहायता समूहों (SHG) के कामकाज का अध्ययन किया। जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार के अनुसार, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी एवं पीआर) की ओर से आयोजित अध्ययन दौरे के तहत नाइजीरिया के नेशनल कैश ट्रांसफर ऑफिस के प्रतिनिधि भारत आए हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत में सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण आजीविका, रोजगार सृजन और महिला सशक्तीकरण के लिए अपनाए जा रहे प्रभावी मॉडलों को समझना है।
गांव के सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पूजा शर्मा के नेतृत्व में संचालित क्षितिज स्वयं सहायता समूह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिनिधिमंडल ने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, उत्पादन की प्रक्रिया और उनके उद्यम से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया। महिलाओं ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार के अवसर किस तरह मिले और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ीं।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को मिशन की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों की जानकारी दी। इसके बाद विदेशी प्रतिनिधियों ने क्षितिज स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान समूह के गठन, प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग, उत्पाद निर्माण और बाजार से जुड़ाव जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संगठित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। चंदू गांव में हुआ यह संवाद हरियाणा की ग्रामीण महिलाओं के उद्यमशीलता के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर बना।
