दीपावली और पूजा पर्व के बाद कामगारों के लौटने का सिलसिला जारी है। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से महानगरों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गुजरात के उधना और महाराष्ट्र के बांद्रा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, 24 नवंबर को गाड़ी संख्या 05115 स्पेशल छपरा से शाम 6.20 बजे प्रस्थान कर देर रात 1.20 बजे कैंट स्टेशन आएगी और यहां से उधना (गुजरात) रवाना होगी। वापसी यात्रा में 26 नवंबर को गाड़ी संख्या 05116 विशेष गाड़ी उधना से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 1.35 बजे कैंट पहुंचकर छपरा के लिए रवाना होगी।

वहीं, 25 नवंबर को गाड़ी संख्या 05185 छपरा से रात 9 बजे प्रस्थान करके देर रात 2.20 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। यहां निर्धारित ठहराव के बाद यह गाड़ी बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 27 नवंबर को गाड़ी संख्या 05186 बांद्रा टर्मिनस से सुबह 10.45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 8.10 बजे बनारस पहुंचेगी और यहां से छपरा जाएगी।

एक अन्य ट्रेन 09327 स्पेशल 22 नवंबर को डॉ. अंबेडकर नगर (मध्य प्रदेश) से शाम 6 बजे प्रस्थान करके अगले दिन शाम 4 बजे कैंट होते हुए गोरखपुर जाएगी। इन ट्रेनों के संचालन से छपरा, वाराणसी और बनारस को गुजरात व महाराष्ट्र से जोड़ने में मदद मिलेगी और यात्रियों की भीड़ का दबाव कम होगा।