नॉर्वे ने स्कूलों में हर छात्र को डिजिटल डिवाइस देने के अनिवार्य नियम को समाप्त कर दिया है। अब बच्चे पारंपरिक तरीके से कॉपी-पेंसिल और किताबों से पढ़ाई करेंगे। ओस्लो प्रशासन ने 10 नवंबर 2026 को यह फैसला लिया, जिसके बाद अब स्कूल खुद तय करेंगे कि किस विषय में स्क्रीन की जरूरत है।

यह बदलाव ओस्लो के ट्रोस्टेरुड स्कूल में तीसरी कक्षा पढ़ाने वाले शिक्षक पाल लुडविग फिनस्टैंड के प्रयोग से जुड़ा है। उन्होंने महसूस किया कि छात्र आईपैड पर काम तो कर रहे हैं, लेकिन उनकी पढ़ने-लिखने की क्षमता कमजोर हो रही है। इसके बाद उन्होंने क्लास में आईपैड बंद कर बच्चों को कॉपी, पेंसिल और किताबों से पढ़ाना शुरू किया। इस फैसले पर स्कूल प्रशासन ने उन्हें लिखित चेतावनी दी और बाद में दूसरे स्कूल में तबादला कर दिया।

फिनस्टैंड के प्रयोग के सकारात्मक नतीजे सामने आए और उनकी क्लास ने स्कूल की रीडिंग प्रतियोगिता जीत ली। 17 अभिभावकों ने भी शिक्षक के समर्थन में पत्र लिखा। मामला नॉर्वेजियन शिक्षक नैतिक परिषद तक पहुंचा, जिसने उनके फैसले को बच्चों के हित में बताया। इसके बाद देशभर में बच्चों पर स्क्रीन के नकारात्मक प्रभावों पर बहस तेज हो गई। नॉर्वेजियन आयोग की एक रिपोर्ट में भी कहा गया कि बच्चे लंबे लेख कागज पर स्क्रीन के मुकाबले बेहतर समझते हैं।

ओस्लो प्रशासन का यह फैसला पहली से सातवीं कक्षा तक लागू होगा। तकनीक को बढ़ावा देने वाला नॉर्वे अब बच्चों में इसके इस्तेमाल को कम करने की योजना बना रहा है। सरकार जल्द ही 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने का बिल लाने की तैयारी में भी है।