रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच गुरुवार को दो अहम बयान सामने आए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस आने वाले दिनों में यूक्रेन पर नया बड़ा हमला करने की योजना बना रहा है। अपने रात्रि संबोधन में जेलेंस्की ने लोगों से मिसाइल खतरे के अलार्म पर ध्यान देने की अपील की और कहा कि यूक्रेन हर हमले का जवाब देगा तथा जो नष्ट हुआ है उसे दोबारा बनाया जाएगा। यह इस हफ्ते उनकी ओर से जारी दूसरी ऐसी चेतावनी है। एबीसी न्यूज के अनुसार जेलेंस्की ने ऊर्जा ढांचे पर और रूसी हमलों की आशंका भी जताई है।

दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूरोप में सैन्य आक्रामकता खत्म करने को कहा है। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर अपने पोस्ट में बताया कि चीन में पुतिन के साथ हुई वार्ता में भी उन्होंने यह सलाह दी थी।

ट्रंप के अनुसार यूरोप से उनका आशय यूक्रेन के उन हिस्सों से है जो लगभग पांच वर्ष की लड़ाई में रूस ने जीते हैं। उन्होंने शांति समझौते के लिए इन हिस्सों से रूसी सेना की वापसी को जरूरी बताया और कहा कि सेना के पूर्व स्थिति में लौटते ही शांति समझौता हो जाएगा और युद्ध खत्म हो जाएगा।

फ्लोरिडा में नाटो प्रमुख मार्क रूट के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि रूस ऐसा कोई कदम न उठाए जिससे युद्ध का दायरा बढ़ जाए। रूट ने आशंका जताई कि युद्ध में हो रहे भारी नुकसान से बौखलाया रूस यूक्रेन के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई कर सकता है।