भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक तथा उनके करीबी सहयोगियों, रिटायर आईएएस अधिकारी वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत की 2022-23 और 2023-24 के दौरान की गई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार जांच सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव सुरेश कुमार वशिष्ठ करेंगे।
सीएमओ के मुताबिक यह आदेश राज्य के अलग-अलग सामाजिक कार्यकर्ताओं और आरटीआई कार्यकर्ताओं की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर दिया गया है। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि इन यात्राओं पर हुए खर्च का जो विवरण अलग-अलग आरटीआई आवेदनों के जरिए मिला, वह संदिग्ध, अपारदर्शी और अधूरा है। यह भी आरोप है कि यात्राओं से जुड़ी जानकारी जानबूझकर गुप्त रखी गई, जिससे उपलब्ध रिकॉर्ड में विसंगतियां आ गईं।
मुख्यमंत्री ने तथ्यों का पता लगाने और सच्चाई सामने लाने के लिए जांच के निर्देश दिए हैं। बयान में जापान और इटली की यात्राओं का जिक्र किया गया है।
आरटीआई कार्यकर्ताओं के राज्यस्तरीय मंच 'ओडिशा सूचना अधिकार अभियान' (ओएसएए) के राज्य संयोजक प्रदीप कुमार प्रधान ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को मानने जैसा है, लेकिन जांच के नतीजों को लेकर उन्हें संदेह है। प्रधान ने आरोप लगाया कि पटनायक की 2022 में इटली और 2023 में जापान की यात्राओं पर कई करोड़ रुपए खर्च किए गए और इन यात्राओं में उनके निजी सचिव पांडियन भी साथ थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जून 2022 में इटली और दुबई की गई यात्राओं के उद्देश्य और नतीजों के बारे में न नेताओं ने और न ही सरकारी एजेंसियों ने कोई जानकारी दी।
