पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक 20 से 22 दिसंबर के बीच भारत में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। वह भारत की ओर से दिए गए न्योते पर यहां आ रहे हैं। इससे पहले मलिक सिंधु जल समझौते को लेकर भारत को चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे।
मलिक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग के लिए आ रहे प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की थी कि भारत ने SCO के सभी सदस्य देशों को न्योता दिया है। इस समूह में भारत, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं। पाकिस्तान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वह SCO के दायरे में आपसी सम्मान के साथ सभ्यताओं के संवाद और लोगों के आपसी मेल-जोल को बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्ध है।
मुसादिक मलिक से पहले बिलावल भुट्टो साल 2023 में भारत आए थे। उन्होंने विदेश मंत्री के तौर पर गोवा में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया था। भारत की अध्यक्षता में हुए उस आयोजन के बाद यह पहला मौका है जब कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आ रहा है। फरवरी 2019 में पुलवामा हमले के बाद से दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं।
सिंधु जल संधि (IWT) को लेकर मलिक ने भारत को चेतावनी दी थी। भारत ने पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले किए थे, जिनमें संधि को स्थगित करने की बात भी शामिल थी। एक ओर जहां पाकिस्तान भारत से बातचीत का मुद्दा उठाता रहा है, वहीं भारत ने कई मौकों पर साफ किया है कि आतंकवाद खत्म होने से पहले किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान की गई थी और भारत तथा पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे।
