पाकिस्तान अपने इतिहास के पहले अंतरिक्ष यात्री को चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर भेजने की अंतिम तैयारी में है। यह उड़ान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पेस डिप्लोमेसी के नए अध्याय के रूप में देखी जा रही है। अमेरिकी स्पेस उद्यमी और हैब स्पेस स्टेशन के संस्थापक जॉर्ज वेनमैन के अनुसार, यह मिशन चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की बढ़ती परिपक्वता और दुनिया भर के देशों की अंतरिक्ष अन्वेषण में भाग लेने की बढ़ती इच्छा दोनों को दर्शाता है।

बातचीत में वेनमैन ने कहा कि इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने के अवसर अभी भी बहुत सीमित हैं और ज्यादा से ज्यादा देश मानव अंतरिक्ष उड़ान में हिस्सा लेना चाहते हैं। अंतरिक्ष किसी एक देश या चुनिंदा देशों का एकाधिकार नहीं है। पाकिस्तान का यह अंतरिक्ष यात्री पेलोड स्पेशलिस्ट के रूप में उड़ान भरेगा और तियांगोंग स्टेशन पर माइक्रोग्रैविटी में वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। इसके साथ वह अंतरिक्ष की कक्षा में जाने वाला पहला पाकिस्तानी नागरिक बन जाएगा। यह पहली बार होगा जब चीन किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को अपने स्पेस स्टेशन पर ले जा रहा है।

वेनमैन का मानना है कि बीजिंग का यह फैसला अचानक नहीं आया। चीन कई सालों से संकेत दे रहा था कि वह अपने स्पेस स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मंच बनाना चाहता है। उन्होंने इसे भू-राजनीतिक संदेश भी बताया और कहा कि चीनी स्टेशन भविष्य की रिसर्च के लिए एक गंभीर और सक्षम प्लेटफॉर्म बन चुका है। वेनमैन फिलहाल नई दिल्ली में इंडियन स्पेस एसोसिएशन (IsPA) द्वारा आयोजित इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026 में हिस्सा लेने आए हैं।

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के अगले कुछ सालों में रिटायर होने की संभावना के बीच तियांगोंग स्टेशन पर दुनिया का ध्यान बढ़ रहा है। वेनमैन ने कहा कि नासा की रणनीति में प्राइवेट कंपनियों को लो अर्थ ऑर्बिट में स्टेशन बनाने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है, जिससे बाकी दुनिया सोच में पड़ गई है। उन्होंने कहा कि जब ज्यादा देशों को अंतरिक्ष का सीधा अनुभव मिलता है तो पूरी मानवता को फायदा होता है और माइक्रोग्रैविटी में किए गए प्रयोगों से विज्ञान, मेडिसिन और सामग्री अनुसंधान में तरक्की में मदद मिली है।