देश की सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने रक्षा, अर्द्धसैनिक बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के कुछ निजी वॉट्सऐप ग्रुप में पाकिस्तानी एजेंटों की गुप्त घुसपैठ का पता लगाया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इसके बाद इन अधिकारियों को उनके खिलाफ टारगेटेड साइबर जासूसी की कोशिश को लेकर आगाह किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने पाया कि पाकिस्तान स्थित कुछ खुफिया एजेंटों ने रक्षा, अर्द्धसैनिक बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले करीब 13-14 निजी वॉट्सऐप ग्रुप में घुसपैठ की है। संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी निभा रहे इन अधिकारियों के खिलाफ इस खतरे को लक्षित साइबर जासूसी अभियान के रूप में चिन्हित किया गया है। एजेंटों ने संभवतः भारतीय मोबाइल नंबरों की नकल करके या उनसे छेड़छाड़ कर इन समूहों में जगह बनाई। इन एजेंटों के नंबर अफसरों के ग्रुप में निष्क्रिय सदस्य बने हुए थे, जिससे वे वहां साझा की जा रही बातचीत और दस्तावेजों पर नजर रख रहे थे।

एजेंसियों ने इन अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सोशल मीडिया मंचों और चिन्हित वॉट्सऐप ग्रुप की व्यापक जांच करने तथा उन्हें सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। सभी बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य संगठनों के लिए जारी सामान्य परामर्श में उनसे अपने सोशल मीडिया मंचों की जांच कर उन्हें सुरक्षित बनाने और अज्ञात सदस्यों को हटाने को कहा गया है। साथ ही किसी भी आधिकारिक या गोपनीय जानकारी और आंकड़े को सोशल मीडिया मंचों पर साझा नहीं करने का निर्देश दिया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घटना के मद्देनजर साइबर सुरक्षा से जुड़े निर्धारित दिशा-निर्देशों को दोहराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हाल में एजेंसियों ने एक ऐसी पाकिस्तानी खुफिया एजेंट का भी पता लगाया था, जो रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के एक वॉट्सऐप ग्रुप में 'सोनिया' नाम से खुद को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की वैज्ञानिक बता रही थी। संदेह है कि इस समूह में कुछ संवेदनशील जानकारी पैसे के बदले साझा की गई थी।