पिथौरागढ़ मुख्यालय में बुधवार को कांग्रेस की रैली और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हो रहा है। पार्टी ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के अनुसार कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक मयूख महर, हरीश धामी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, करण माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि सम्मेलन के जरिए संगठन को मजबूत किया जाएगा और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा होगी। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात रखेंगी और आगामी चुनाव को लेकर संगठन को दिशा देंगी।

पंत के अनुसार पार्टी प्रदेश में पिछले 10 वर्षों के दौरान बेरोजगार युवाओं की समस्याओं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर योजना और बदहाल व्यापार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की बिक्री का मुद्दा भी पार्टी के एजेंडे में शामिल रहेगा। कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।

जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि धारचूला के विधायक हरीश धामी के साथ स्थानीय स्तर पर हुए कथित दुर्व्यवहार और मंच पर अपनी बात नहीं रखने दिए जाने का मामला भी सम्मेलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।