पुणे के टिंबर मार्केट में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 100 दुकानें जलकर खाक हो गईं। पुणे फायर डिपार्टमेंट के चीफ फायर ऑफिसर गणेश सोनवणे ने बताया कि आग लगने की सूचना रात 2:05 बजे मिली थी, जिसके बाद दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। आग की गंभीरता को देखते हुए ब्रिगेड कॉल घोषित की गई।

आग पर काबू पाने के लिए मौके पर 27 फायर टेंडर और रेस्क्यू वैन, 50 से ज्यादा टैंकर और 150 से अधिक दमकलकर्मी तैनात किए गए। इनमें पुणे फायर ब्रिगेड के 24, पुणे छावनी का 1 और पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) के 2 फायर टेंडर शामिल थे। आग को आसपास के रिहायशी इलाकों में फैलने से रोकने के लिए चारों तरफ से करीब दो घंटे तक मशक्कत की गई, जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।

स्थानीय लोगों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 100 दुकानें प्रभावित हुई हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग जय वल्लभ स्कूल के पास लकड़ी के सामान की दुकानों में लगी थी। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। सोनवणे के अनुसार पूरी जांच के बाद ही नुकसान के सही आंकड़ों का पता चलेगा। इससे पहले रविवार को कलंबोली स्टील मार्केट में एक गैरेज गोदाम में लगी आग को बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी घायल हो गया था। डिप्टी फायर ऑफिसर मनीष ब्रह्मंकर ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुई थी। (न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)