पंजाब सरकार ने राज्य के कृषि और डेयरी उत्पादों को देशभर के बाजारों तक तेजी से पहुंचाने के लिए रेलवे से वंदे भारत और शताब्दी जैसी तेज रफ्तार ट्रेनों में रेफ्रिजरेटेड वैगन (प्रशीतित डिब्बे) लगाने का प्रस्ताव रखा है। यह मांग पंजाब के कराधान एवं सहकारिता विभाग के सचिव अजीत बालाजी जोशी ने शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित ट्रेड मीट 2026 के दौरान उठाई।
जोशी ने कहा कि पंजाब में कृषि और डेयरी उत्पादों की बड़ी क्षमता है, लेकिन देश के दूरदराज के बाजारों तक इन्हें ताजा हालत में पहुंचाना चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वेरका के खीर और रबड़ी जैसे विशेष उत्पादों और तैयार खाने के उत्पादों की देशभर में मांग है, लेकिन समय पर डिलीवरी न होने से इन्हें दूसरे राज्यों तक पहुंचाने में मुश्किल आती है। रेफ्रिजरेटेड वैगन की सुविधा मिलने से आपूर्ति बेहतर हो सकेगी। उन्होंने आलू उत्पादकों के लिए विशेष माल डिब्बों की व्यवस्था की भी मांग की।
ट्रेड मीट का आयोजन अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडलों ने सेंट्रल वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के सहयोग से किया। इसका उद्देश्य गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच रेल के जरिये माल ढुलाई को बढ़ावा देना और परिवहन लागत कम करना था। जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय के तहत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड उपलब्ध है और रेलवे तथा पंजाब सरकार को मिलकर ऐसी परियोजनाएं तैयार करनी चाहिए जिनसे पंजाब और हरियाणा के कृषि उत्पाद देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंच सकें। उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ और लुधियाना के उद्योगों का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न बंदरगाहों से स्टील स्क्रैप की सीधी ढुलाई से कर चोरी पर भी अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि माल ढुलाई की लागत घटाने के लिए दोनों दिशाओं में माल परिवहन जरूरी है। पंजाब और हरियाणा से चावल, आलू, खाद्यान्न और निर्यात कंटेनर गुजरात भेजे जाएं तो वापसी में गुजरात से लकड़ी, नमक, उर्वरक, औद्योगिक उत्पाद और आयातित कंटेनर उत्तर भारत लाए जा सकते हैं। इससे खाली मालगाड़ियों की आवाजाही घटेगी और वैगनों का बेहतर इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच देना, उद्योगों की कनेक्टिविटी बेहतर करना और निर्यातकों को भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
