कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक खुले संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनसे मुकाबला करना है तो 4,000 किलोमीटर पैदल चलना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसा करता है तो लोग उसे उनकी नकल कहेंगे। राहुल ने अपनी 4,000 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राजनीतिक विशिष्टता पर बात की और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि एक राजनेता के तौर पर मोदी अन्य सभी राजनेताओं से बुनियादी तौर पर अलग हैं।

राहुल गांधी ने राजनीति में मौजूद कुछ अलिखित नियमों को चुनौती देने की बात कही। उन्होंने कहा कि राजनीति में यह धारणा है कि आप अच्छे या ईमानदार नहीं हो सकते और प्यार व स्नेह का इस्तेमाल नहीं कर सकते। उन्होंने जोर दिया कि ईमानदारी और प्यार बहुत ताकतवर हथियार हो सकते हैं। अपने भांजे के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर आप सिर्फ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं तो आप पहले ही पिछड़ चुके हैं।

इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है और भारी बेरोजगारी है। उन्होंने कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली की कमियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल लगभग एक दशक पहले ही परिणाम देना बंद कर चुका है। उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्ट-अप इंडिया जैसी योजनाओं पर सवाल उठाया और विनिर्माण क्षेत्र तथा छोटे व मध्यम उद्योगों को मजबूत करने की वकालत की। उन्होंने आर्थिक विकास का लाभ कुछ बड़े व्यापारिक समूहों तक सीमित रहने पर भी सवाल खड़े किए।

भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के इन बयानों पर पलटवार करते हुए इसे विदेशी धरती पर भारत विरोधी दुष्प्रचार करार दिया है।