कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में अपनी किताब लॉन्च की है। संस्मरण के रूप में लिखी गई इस किताब के विमोचन कार्यक्रम में कांग्रेस के नेताओं के साथ सहयोगी दलों के कई नेता भी शामिल हुए। खबरों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए डीएमके चीफ एमके स्टालिन को भी बुलावा भेजा गया था और राहुल गांधी ने उन्हें फोन भी मिलाया, लेकिन स्टालिन ने न तो फोन उठाया और न ही कार्यक्रम में शिरकत की।

न्यूज 18 की बुधवार की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि राहुल गांधी ने 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में आमंत्रित करने के लिए स्टालिन को फोन किया था। रिपोर्ट के अनुसार, डीएमके चीफ ने राहुल गांधी से बात नहीं की, हालांकि उन्होंने सोनिया गांधी को बधाई संदेश भेजा।

यह घटनाक्रम कांग्रेस और डीएमके के बीच बढ़ती दूरी के बीच सामने आया है। कुछ महीने पहले तक राहुल गांधी और स्टालिन सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे को भाई कहकर संबोधित करते थे। 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले स्टालिन उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया था, और 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान राहुल ने स्टालिन को अपना 'बड़ा भाई' कहा था।

रिपोर्टों के अनुसार, दोनों दलों के बीच मतभेद 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले गहरे हुए। जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस अधिक सीटें और सरकार में बड़ी भूमिका चाह रही थी, जबकि डीएमके सत्ता में हिस्सेदारी देने को तैयार नहीं थी। दोनों दलों ने चुनाव साथ लड़ा, लेकिन मिलकर प्रचार नहीं किया। चुनाव परिणाम के बाद राज्य में थलपति विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, और कांग्रेस ने सरकार बनाने में विजय का समर्थन कर दिया। इसके बाद डीएमके ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को धोखेबाज बताया और इंडिया गठबंधन से बाहर आने का ऐलान किया।