रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपनी आधिकारिक यात्रा पर जापान पहुंच गए हैं। वह भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों के संवाद (2+2) के चौथे संस्करण में हिस्सा लेंगे और अपने जापानी समकक्ष शिन्जिरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। टोक्यो में होने वाले इस मंत्रिस्तरीय संवाद की सह-अध्यक्षता राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ शिन्जिरो कोइजुमी तथा जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी करेंगे।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, संवाद के दौरान दोनों पक्ष द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर विचार साझा करेंगे और मुक्त, समावेशी तथा नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता दोहराएंगे।
बयान के मुताबिक, इस साल राजनाथ सिंह और शिन्जिरो कोइजुमी की यह तीसरी मुलाकात होगी। अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस के दौरान हुई मुलाकातों से मिली गति को आगे बढ़ाते हुए दोनों मंत्री रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इनमें समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त अभ्यासों का दायरा और जटिलता बढ़ाना तथा औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करना शामिल है।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को राजनाथ सिंह और शिन्जिरो कोइजुमी ने फिलीपींस में 13वीं दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) से इतर मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने रक्षा सहयोग की समीक्षा की और जापान के साथ विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के नए रास्ते तलाशे।
