नई दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-32 इलाके में 19 वर्षीय पार्थ गुप्ता ने एक ऊंची इमारत की 13वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। उनके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पार्थ के पिता डॉ. मनीष गुप्ता अमर कॉलोनी थाना इलाके में एक घरेलू सहायिका मीना हलधर की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। परिजनों का कहना है कि पिता के जेल जाने के बाद से वह डिप्रेशन में थे। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर सूचना मिलने पर बेगमपुर थाना पुलिस रोहिणी की एक निर्माणाधीन इमारत के पास पहुंची, जहां युवक लहूलुहान हालत में मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में पता चला कि युवक ने इमारत से छलांग लगाई थी। सीसीटीवी की जांच करते हुए पुलिस सेक्टर-32 स्थित युवक के घर पहुंची। पता चला कि पार्थ घर से किसी दोस्त से मिलने की बात कहकर निकले थे और अपना मोबाइल भी घर पर छोड़ गए थे।
पुलिस के मुताबिक, पार्थ लॉ फर्स्ट ईयर के छात्र थे। उनके मां-पिता स्किन स्पेशलिस्ट हैं। मां अमर कॉलोनी के माउंट कैलाश इलाके में रहती हैं। पिता डॉ. मनीष गुप्ता जून में घरेलू सहायिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुए थे। पार्थ कुछ दिनों से अपनी नानी के घर रह रहे थे और पिता के जेल जाने के बाद से डिप्रेशन में थे।
रोहिणी डीसीपी शशांक जायसवाल ने कहा कि शुरुआती जांच में यह खुदकुशी का मामला लग रहा है। सभी एंगल से छानबीन की जा रही है।
