जर्मन मीडिया और खुफिया रिपोर्टों के हवाले से यह दावा किया गया है कि रूस इस साल दिसंबर तक परमाणु हथियार से लैस 'स्पुतनिक-एस' उपग्रह को अंतरिक्ष में लॉन्च कर सकता है। इन रिपोर्टों के मुताबिक रूसी उपग्रह स्पुतनिक-एस कई साल पहले तैयार किया गया था और इसे 60 दिनों के भीतर अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी है। हालांकि रूस ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए बेबुनियाद बताया है।
जानकारों का मानना है कि अगर अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट होता है, तो उसके विकिरण से निचली कक्षा के एक-तिहाई तक सैटेलाइट तबाह हो सकते हैं। इसका असर दुनिया भर में जीपीएस, इंटरनेट, मोबाइल नेटवर्क और मौसम की जानकारी देने वाली सेवाओं पर दशकों तक पड़ सकता है।
रिपोर्टों के अनुसार ऐसा कदम 1967 की बाहरी अंतरिक्ष संधि का उल्लंघन होगा। इस मामले ने अमेरिका और यूरोप सहित पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है।
