सामंथा रूथ प्रभु और फिल्ममेकर राज निदिमोरू हाल ही में माता-पिता बने हैं। दोनों ने 19 नवंबर को अपने बेटे देव का स्वागत किया। बच्चे के जन्म के नौ दिन बाद राज निदिमोरू की आंटी और सिंगर डॉ. शोभा राजू ने एक इंटरव्यू में डिलीवरी से जुड़ा अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सामंथा के लिए C-Section की सलाह दी थी, लेकिन बाद में उन्होंने नॉर्मल डिलीवरी से बेटे को जन्म दिया।
डॉ. शोभा राजू के मुताबिक, डिलीवरी से पहले हुए स्कैन में बच्चे की अम्बिलिकल कॉर्ड गले के चारों ओर लिपटी हुई दिखाई दी थी, जिससे परिवार चिंता में आ गया था। हालांकि, बाद में डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हलचल सामान्य है, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
शोभा राजू ने बताया कि परिवार की चिंता तब फिर बढ़ गई, जब लंच के दौरान राज निदिमोरू ने फोन करके बताया कि डॉक्टरों ने C-Section की सलाह दी है। परिवार ने करीब 25 से 30 मिनट तक सामंथा और बच्चे की सलामती के लिए प्रार्थना की। इसके बाद राज का दोबारा फोन आया और उन्होंने खुशखबरी दी कि सामंथा ने नॉर्मल डिलीवरी से बेटे को जन्म दिया है। शोभा राजू ने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
इस बीच, देव के जन्म के बाद राज निदिमोरू की बहन शीतल ने मुंबई में बच्चे के लिए प्रार्थना करने के लिए सिद्धिविनायक मंदिर, हाजी अली दरगाह और सेंट माइकल्स चर्च का दौरा किया और इन धार्मिक स्थलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रार्थना की है कि देव बड़ा होकर सभी धर्मों का सम्मान करे और हर इंसान से प्यार करे। सामंथा और राज ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र के लिंग भैरवी मंदिर में निजी समारोह में शादी की थी। दोनों ने वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' और 'सिटाडेल: हनी बनी' में साथ काम किया है।
