बिहार के शेखपुरा जिले में एक प्रेमी युगल द्वारा शादी करने के बाद विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय हनुमान मंदिर में शादी के बाद जब युवक और युवती निकल रहे थे, तभी युवक की मां और भाई वहां पहुंच गए और उन्होंने इस शादी का विरोध करते हुए युवक को खींचने लगे। सड़क पर भीड़ जमा हो गई और मामला तूल पकड़ने लगा। सूचना मिलने पर शेखपुरा पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और हंगामा शांत कराया। पुलिस सभी को थाने ले आई, जहां युवक और युवती ने खुद को बालिग बताया। युवती का कहना है कि उसने अपने माता-पिता की रजामंदी से शादी की है और विरोध केवल युवक की मां और भाई कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और बाद में युवक-युवती को थाने से विदा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शेखपुरा जिले के चेवाड़ा के सियानी गांव की बालिग चांदनी और लखीसराय जिले के कलभैरो गांव के युवक गौतम कुमार शादी करने के लिए पहुंचे थे। स्थानीय हनुमान मंदिर में शादी के बाद जब दोनों निकल रहे थे, तभी गौतम की मां और भाई वहां आ धमके। दोनों ने इस शादी का विरोध किया और युवक को खींचकर ले जाने लगे। इस दौरान राहगीर तमाशबीन होकर देखते रहे और धीरे-धीरे भीड़ जमा हो गई।
इसी बीच शेखपुरा की डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे मां और भाई को शांत कराया और सभी को थाने ले आई। थाने पर युवक और युवती ने खुद को बालिग बताया। चांदनी ने बताया कि उसकी शादी से उसके माता-पिता को कोई एतराज नहीं है और दोनों को बताने के बाद ही उसने गौतम से शादी की है। विरोध केवल गौतम की मां और भाई कर रहे हैं।
प्रेमी गौतम ने बताया कि वे लखीसराय में लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए जाते थे, जहां दोनों की दोस्ती हुई और फिर एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इस बीच चांदनी की मां उसे शादी कराने के लिए हिमाचल लेकर चली गई, जिसकी खबर मिलने पर गौतम भी हिमाचल पहुंच गया और वहां उसने चांदनी से वादा किया कि बिहार लौटने पर वह उससे शादी करेगा। चांदनी छठ से पहले गांव आई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। गौतम ने बताया कि यह शादी चांदनी के माता-पिता की रजामंदी से हुई है, लेकिन उसकी मां और भाई इसका विरोध कर रहे हैं। पुलिस ने थाने में युवक की मां और भाई को समझाया और फिर दोनों को थाने से विदा कर दिया।
