हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.8 दर्ज की गई। झटके सुबह 6 बजकर 29 मिनट 2 सेकंड पर आए।

एनसीएस के मुताबिक भूकंप का केंद्र शिमला जिले में जमीन से आठ किलोमीटर की गहराई पर था। यह 31.422 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.783 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। केंद्र शिमला से करीब 67 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में बताया गया है।

रविवार की सुबह होने के कारण कई लोग सो रहे थे, जबकि कुछ उठ चुके थे। झटकों को महसूस करने वाले कई लोग घरों से बाहर निकल आए। एनसीएस के अनुसार किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। तीव्रता कम होने के कारण नुकसान न होना राहत की बात रही।