कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का विरोध करते हुए शिंदे सेना के नेताओं ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब की प्रतियां फाड़ दीं। पार्टी का आरोप है कि इस पुस्तक में वीर सावरकर का अपमान किया गया है और इतिहास को अपने हिसाब से पेश करने की कोशिश की गई है।
पार्टी नेता संजय निरुपम की अगुवाई में हुए इस विरोध के दौरान शिंदे सेना गुट की प्रवक्ता शाइना एनसी ने कथित तौर पर बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी। घटना पर बवाल होने के बाद शिवसेना ने सफाई दी कि शाइना ने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, बाल ठाकरे की नहीं। बताया जा रहा है कि तस्वीर में शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पलों से मारते दिख रहे थे। यह तस्वीर अगस्त 2004 की है, जब बाल ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में सावरकर स्मारक के पास जूते मारो आंदोलन की शुरुआत की थी।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस ने शिवसेना संस्थापक का अपमान करने के आरोप में शाइना एनसी पर निशाना साधा है। इसके बाद बीएमसी में भारी हंगामा देखने को मिला। यूबीटी शिवसेना के पार्षदों ने शाइना एनसी के खिलाफ नारे लगाए और उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की मांग की। यूबीटी शिवसेना की पूर्व मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब का अपमान कोई बर्दाश्त नहीं करेगा और शिंदे गुट का शिवसेना संस्थापक के प्रति प्रेम दिखावटी है।
