हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस ने आठ दिन बाद एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक के बेटे ने आरोपी युवक की बहन को भगाकर ले जाने की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहे थे। कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और पीछे बैठे खजान सिंह मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। घर पहुंचने पर रविंद्र सिंह ने हेलमेट की जांच की, तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला और अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उनके सिर और पीठ पर भी चोटें थीं। इसी बीच सूचना मिली कि उपचार के दौरान खजान सिंह की मौत हो गई। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गोली चलाकर हत्या करने के संदेह में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने 18 नवंबर बुधवार को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।