सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बुधवार को राबर्ट्सगंज तहसील के राजस्व ग्राम बिच्छी में किसान राजू कुमार मौर्य के खेत में पहुंचे और हंसिया से धान की कटाई की। इस दौरान उन्होंने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में सहभागिता कर धान उत्पादन का आकलन किया। क्रॉप कटिंग के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर यानी 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र का चयन किया गया था। निर्धारित क्षेत्र में कटाई के बाद उपज का वजन कराया गया, जिसमें कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को नजदीक से समझा और किसान के साथ स्वयं फसल काटकर कृषि कार्यों में किसानों की मेहनत का सम्मान करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के किसानों से फसल कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। किसान पराली के उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि पराली जलाते पाए जाने पर शासन के प्रावधानों के अनुसार जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने अधिक मात्रा में कृषि उत्पादन, चारा और अनाज उपलब्ध होने पर किसानों से गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से चारा एवं अनाज दान करने की अपील भी की। इस दौरान तहसीलदार सदर राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, लेखपाल सुबोध कुमार सिंह, संज्जन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।