शिवसेना ने बुधवार को सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर बैन लगाने की मांग की। मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना ने किताब के पन्ने फाड़ दिए। पार्टी का आरोप है कि किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है।
कांग्रेस की सहयोगी पार्टियों YSRCP और BRS ने भी किताब को लेकर नाराजगी जताई है। YSRCP के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने कहा कि सोनिया गांधी YSRCP के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि वाईएसआर ने उस समय कांग्रेस को राजनीतिक जीवन दिया था, जब पार्टी लगभग 'मौत के बिस्तर' पर थी। वहीं, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं है और उनकी किताब में तेलंगाना का जिक्र तक नहीं किया गया।
544 पेज की इस किताब का विमोचन सोमवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में हुआ, जिसमें राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद थीं। इसके अलावा तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए। किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी।
किताब लॉन्चिंग के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि वह हमेशा से अपनी भावनाओं और किसी व्यक्ति, जगह या चीज को लेकर मन में उठने वाले विचारों को खुलकर बताने में झिझकती रही हैं। इसी वजह से उन्होंने किताब लिखने के विचार को पहले टाल दिया था, लेकिन बाद में राहुल, प्रियंका और अपनी करीबी दोस्त मंजूलिका दुबे के बार-बार कहने पर वह इसे लिखने के लिए तैयार हुईं। किताब में सोनिया ने राजीव गांधी से मुलाकात और शादी, इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, इमरजेंसी पर परिवार के मतभेद, ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद सुरक्षा की चिंता, इंदिरा और राजीव की हत्या का दर्द, राजनीति में आने की कहानी और 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने की वजह समेत कई विषयों पर लिखा है।
