कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में YSRCP और BRS का जिक्र नहीं किए जाने पर दोनों पार्टियों ने नाराजगी जताई है। YSRCP के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि वाईएसआर ने उस समय कांग्रेस को राजनीतिक जीवन दिया था, जब पार्टी लगभग ‘मौत के बिस्तर’ पर थी। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी वाईएसआर के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। वहीं, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं है और उनकी किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं है।

सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में यह किताब लॉन्च की, जिसमें राहुल गांधी और AICC महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद थीं। इसके अलावा तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए। किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी। किताब लॉन्चिंग के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि वह हमेशा से अपनी भावनाओं को खुलकर बताने में झिझकती रही हैं, इसी वजह से उन्होंने किताब लिखने के विचार को पहले टाल दिया था। बाद में राहुल, प्रियंका और अपनी करीबी दोस्त मंजूलिका दुबे के बार-बार कहने पर वह इसे लिखने के लिए तैयार हुईं।

544 पेजों की इस किताब में 7 चैप्टर हैं। किताब में सोनिया गांधी ने 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और 1968 में शादी, सास इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, 1975 की इमरजेंसी को गलती बताने, ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता और 1984 में इंदिरा गांधी तथा 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद के अनुभवों के बारे में लिखा है। इसमें राजनीति में आने की कहानी, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने की वजह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संबंधों का भी जिक्र है।