तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK नेता एमके स्टालिन ने दावा किया है कि राज्य में जल्द ही उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। यह बयान ऐसे समय आया है जब खबरें आई हैं कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने हाल में अपने विधायकों की बैठक ली थी और उन्हें सरकार गिराने की कोशिश की आशंका को लेकर चेताया गया था। हालांकि, TVK यानी तमिलागा वेत्री कझगम ने इस मामले पर औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।

सोमवार को स्टालिन DMK नेता केएन नेहरू के परिवार में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि उनके समर्थक उन्हें अब भी 'मुख्यमंत्री' कहकर बुलाते हैं, जबकि उनके पास अभी कोई आधिकारिक सरकारी पद नहीं है। स्टालिन ने कहा कि मौजूदा TVK शासन खराब प्रशासन दे रहा है और उन्हें मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया जाना शर्म और दुख की बात है। उन्होंने कहा कि द्रमुक जल्द ही सरकार बनाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि विपक्षी दल नए फ्लोर टेस्ट की मांग कर सकते हैं।

इंडियन एक्सप्रेस की 12 नवंबर की एक रिपोर्ट के अनुसार, विजय ने अपने विधायकों से मुलाकात की थी। यह बैठक करीब तीन घंटे चली थी और विजय ने विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बात की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 विधायकों के एक समूह से अलग से बातचीत हुई थी। एक विधायक के हवाले से बताया गया कि अविश्वास प्रस्ताव को 6 महीने पूरे हो चुके हैं, 13 मई से 13 नवंबर तक, और 13 नवंबर के बाद कभी भी एक और अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। इस संबंध में अभी कोई घोषणा नहीं हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, विधायकों से कहा गया है कि सरकार के पास इनपुट हैं कि विपक्ष सत्तारूढ़ दल से नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकता है। आरोप लगाए गए थे कि DMK और AIADMK दिल्ली में राजनीतिक ताकतों की मदद से ऐसा कर सकते हैं। विधायकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उल्लेखनीय है कि 4 मई को विधानसभा चुनाव नतीजों के कुछ दिनों बाद ही विजय सरकार को फ्लोर टेस्ट का सामना करना पड़ा था। स्टालिन ने अक्टूबर में कहा था कि मौजूदा सरकार शायद 6 महीने भी पूरे न कर सके। सोमवार को विजय दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे।