तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम त्योहार के दौरान दीया जलाने को सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दे दी है। शीर्ष अदालत ने 20 नवंबर को दिए अंतरिम आदेश में कहा कि 24 नवंबर को विवादित दीपथून (दीप स्तंभ) पर पारंपरिक दीया जलाया जा सकता है। यह अनुमति केवल सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और सरकारी अधिकारियों की ओर से अधिकृत लोगों को है और यह एक बार के लिए दी गई है, साथ ही सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

करीब 1,050 फीट ऊंची इस पहाड़ी का संबंध हिंदू, जैन और मुस्लिम तीनों धर्मों से जुड़ा है। पहाड़ी के नीचे सुब्रमण्यम स्वामी का प्राचीन गुफा मंदिर है, जबकि चोटी पर सूफी संत सिकंदर बधुशा की कब्र है, जहां बाद में दरगाह बनाई गई। विवादित दीपस्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। पहाड़ी को लेकर कानूनी विवाद 1920 में शुरू हुआ था, जब मंदिर प्रबंधन ने पूरी पहाड़ी पर मालिकाना हक का दावा करते हुए अदालत में मुकदमा दायर किया। 1923 में निचली अदालत ने पहाड़ी के अलग-अलग हिस्सों पर दोनों पक्षों के अधिकार तय किए।

1994 में पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने की कोशिश के बाद मामला फिर अदालत पहुंचा। 1996 में हाई कोर्ट ने आदेश दिया कि दीया पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास अलग जगह पर जलाया जाए, जो दरगाह, सीढ़ियों और नेल्लीथोप इलाके से कम से कम 15 मीटर दूर हो। इस साल जून में तमिलनाडु सरकार ने हाई कोर्ट की दो जजों वाली पीठ के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जिसके बाद यह अंतरिम आदेश आया।