सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में पिछले महीने हुए विरोध प्रदर्शनों के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) को नोटिस जारी किया है। दिल्ली किराना कमेटी और दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन ने याचिका दायर कर कहा है कि जंतर-मंतर और रामलीला मैदान में हुए प्रदर्शनों से व्यापारियों के कारोबार को नुकसान पहुंचा है। याचिका में यह भी कहा गया है कि रामलीला मैदान के आसपास कई बड़े थोक बाजार हैं, इसलिए वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर मार्च बुलाया था। दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की इजाजत नहीं दी थी। इस दौरान शहर में बैरिकेडिंग की गई थी, 45 मेट्रो स्टेशन बंद रहे थे और 7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।

वहीं, कांग्रेस ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान पर प्रदर्शन किया था। रैली के बाद व्यापारी संगठनों ने दावा किया था कि उन्हें करीब 11 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उल्लेखनीय है कि CJP ने 20 जून से 25 जुलाई तक NEET पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 36 दिन तक प्रदर्शन किया था।