पेट्रोल में एथनॉल मिलाने की नीति को लेकर देशभर में विरोध के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने मंगलवार को आलोचकों पर तीखा हमला बोला है। त्रिशूर में एक संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग E20 पेट्रोल नीति की आलोचना करते हैं, वे मूर्ख हैं और उन्हें इसके पीछे के विज्ञान की समझ नहीं है। मंत्री ने कहा कि E20 पेट्रोल के खिलाफ विरोध फैलाने वालों की राजनीतिक सोच घटिया है।

अपने बयान का बचाव करते हुए सुरेश गोपी ने कहा कि पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा E10 से बढ़ाकर E20 करने का फैसला पूरी तरह विज्ञान पर आधारित था और ऑटोमोबाइल रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) के शोध के बाद ही इसे लागू किया गया। उन्होंने जिनेवा कन्वेंशन के तहत जारी सख्त दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि वाहनों से निकलने वाले धुएं की रासायनिक संरचना का ध्यान रखना जरूरी है और अगर देश इन नियमों का पालन नहीं करेंगे तो पृथ्वी का स्वास्थ्य खतरे में पड़ेगा।

कर्नाटक सरकार द्वारा पेट्रोल में मानक से अधिक एथनॉल मिलने के आरोपों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ऐसे दावे करने वालों की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ये लोग सैंपल लेने से पहले पेट्रोल में कुछ मिला रहे हैं और ऐसे दावों की जांच के लिए CBI को बुलाना पड़ सकता है। गौरतलब है कि कर्नाटक ने इस महीने की शुरुआत में आरोप लगाया था कि प्रमुख तेल कंपनियों के पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा तय सीमा से अधिक है, जिसे सरकारी कंपनियों ने खंडन किया था।

इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी एथनॉल ब्लेंडिंग का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि एथनॉल मिलाने के विरोध को 'पैसे देकर चलाया गया अभियान' था और इस नीति से कोयला व कच्चे तेल का आयात घटाकर विदेशी मुद्रा बचाई जा सकती है। गडकरी ने यह भी कहा था कि पिछले तीन सालों में 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और तीन करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें E20 ईंधन पर चल रही हैं और एथनॉल मिश्रण से इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।