पटना। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। उनका आरोप है कि चौधरी एक साथ तीन पदों पर हैं। तेजस्वी ने गुरुवार को जारी एक बयान में यह मांग दोहराई। इससे पहले बुधवार को राजद ने प्रेस-वार्ता करके भी मंत्री को पद से हटाने की मांग की थी।
तेजस्वी यादव के मुताबिक, अशोक चौधरी के पास मंत्री, सहायक प्राध्यापक और विधान पार्षद, तीनों पद एक साथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नौ महीनों से एक फर्जी मंत्री को पद पर बैठा रखा है और वह अवैध मंत्री हर तरह के अवैधानिक कार्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि लोकभवन ने एक ही व्यक्ति के तीन पदों पर रहने पर गहरी आपत्ति जताई है और ऐसे मंत्री को एक मिनट भी पद पर रहने का अधिकार नहीं है।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि संविधान के स्पष्ट निर्देशों और नियमों के विपरीत मंत्री की सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्ति हुई। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के अगले दिन ही वह प्रोबेशन पीरियड के दौरान लंबी अवधि की अनिश्चितकालीन छुट्टियों पर चले गए, जबकि विश्वविद्यालय के सेवा नियमों के अनुसार वह ऐसी छुट्टी ले ही नहीं सकते। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर हर जगह संविधान की अवहेलना की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को ऊपर तक ले जाएगी।
तेजस्वी यादव ने 'ऑफिस ऑफ प्रॉफिट' के मामले में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि वेतन या भत्ता लेना मायने नहीं रखता, बल्कि सदन का सदस्य रहते हुए लाभ का दूसरा पद स्वीकार करना ही अवैध है और ऐसी स्थिति में सदस्यता उसी क्षण समाप्त मानी जाती है। उन्होंने मांग की कि लाभ के पद के प्रावधानों के तहत अविलंब चौधरी की सदस्यता रद की जाए और धोखाधड़ी के मामले में उन्हें सजा मिले।
