कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर वे चुनावों का बहिष्कार करते हैं तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, और वे ऐसा नहीं चाहते।
राहुल गांधी ने यह बात गुरुवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ हुए संवाद के दौरान कही। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। उनकी रणनीति यह है कि वे लड़ें और भारत के लोगों को बताएं कि देश में क्या चल रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया में काफी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद वे चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जानकारियां मिल रही हैं कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी कह रहे हैं कि वे इस तरह काम जारी नहीं रख सकते। अधिकारियों का कहना है कि पूरी व्यवस्था के ढहने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है।
