भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव घर-घर जाकर माफी मांग लें, तब भी जनता सपा सरकार के पुराने कारनामों को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि रथयात्रा निकालने, नारे लगाने और रोड शो करने से सपा अपने शासनकाल के कारनामों से जनता का ध्यान नहीं भटका सकती। सपा प्रमुख को अपने शासनकाल में हुई घटनाओं और जनता के साथ किए गए अन्याय के लिए जवाब देना चाहिए।
पंकज चौधरी ने कहा कि गाजियाबाद से गोरखपुर तक कितना भी दिखावा कर लिया जाए, नारे लगा लिए जाएं और वैनिटी वैन पर सवार होकर कितने भी चक्कर लगा लिए जाएं, इससे सपा के प्रति जनता का नजरिया नहीं बदलने वाला। उनका कहना है कि सपा शासनकाल में अपराधियों और गुंडों के कारण भय का माहौल था और प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता सपा के अहंकार, परिवारवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और नाकामियों का पूरा हिसाब जानती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक यात्राएं निकालने से सपा अपने पुराने शासनकाल के सवालों से बच नहीं सकती।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो किया था, जिसे 'मिशन गोरखपुर' के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान उन्होंने मेट्रो चलाने का वादा किया और झूठे मुकदमे हटाने की बात कही थी।
