पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने नशा, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को मुख्य मुद्दा बनाया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 42 फीसदी वोट के साथ 92 सीट जीती थी, जबकि कांग्रेस को 22 प्रतिशत वोट के साथ 18 सीट मिली थीं। पार्टी रणनीतिकार मानते हैं कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ लोगों में नाराजगी और अकाली दल का लगातार घटता समर्थन कांग्रेस के पक्ष में है, हालांकि वोट प्रतिशत बढ़ाना उसकी सबसे बड़ी चुनौती है।
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बुधवार को बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों के नाम मंजूर किए हैं और समिति को तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने को कहा है। पूर्व मंत्री परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, विजय इंदर सिंगला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, शमशेर सिंह दुल्लो, सुखपाल सिंह खैरा और अमर सिंह सहित कुल 42 सदस्य हैं।
इस बीच सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी चुनावी मोड में है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को कहा कि राज्य में आप सरकार के सत्ता में रहने तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, एक हजार रुपये मासिक आर्थिक सहायता, 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली जैसी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। मान ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों को पंजाब की जनता ने कई अवसर दिए, लेकिन उनके शासनकाल में राज्य की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।