अमेरिकी राज्य टेक्सस में भारतीय मूल के राहुल आनंदकृष्णन को 'इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग' के प्रयास के मामले में दोषी पाए जाने के बाद यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने हिरासत में लिया है। ICE के अनुसार, आनंदकृष्णन काउंटी जेल में अपनी सजा काट चुके हैं और इमिग्रेशन कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने तक ICE की हिरासत में रहेंगे।
ऑस्टिन पुलिस को कैपिटल प्लाजा शॉपिंग सेंटर स्थित 'टोटल वायरलेस' स्टोर से सूचना मिली थी। एक महिला ने शिकायत की थी कि स्टोर के एक कर्मचारी ने उसका फोन लिया और उसकी निजी तस्वीरें खुद को भेज लीं। महिला के अनुसार, फोन खोलने के लिए उससे पासकोड मांगा गया, जिसके बाद जानबूझकर उसकी फोटो गैलरी खोली गई और 'एयरड्रॉप' के जरिए कुछ न्यूड तस्वीरें कर्मचारी के डिवाइस पर भेजने की कोशिश की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके स्नैपचैट अकाउंट को भी एक्सेस किया गया और कर्मचारी ने खुद को उसमें जोड़ लिया। महिला का कहना है कि उसने अपनी तस्वीरें या स्नैपचैट देखने, या कोई निजी तस्वीर भेजने की अनुमति नहीं दी थी।
'फॉक्स 7 ऑस्टिन' के जारी अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, 29 वर्षीय आनंदकृष्णन ने पुलिस को बताया कि महिला अपने आईफोन की नेटवर्क सेटिंग बदलवाने के लिए स्टोर पर आई थी। हलफनामे के अनुसार, उन्होंने जांचकर्ताओं को बताया कि तस्वीरें ट्रांसफर नहीं हो पाईं और उन्होंने फोन वापस ग्राहक को दे दिया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसे केवल नेटवर्क सेटिंग देखने की अनुमति थी, न कि ग्राहक की तस्वीरें या अन्य निजी जानकारी देखने की।
आनंदकृष्णन पर शुरुआत में 'इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग' और 'कंप्यूटर सिक्योरिटी ब्रीच' का आरोप लगाया गया था। हलफामे के मुताबिक, दूसरा आरोप फोन के 'फोटो एप' को बिना अनुमति एक्सेस करने से जुड़ा है। ICE ने बताया कि बाद में उन्हें 'इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग' के प्रयास का दोषी ठहराया गया और उन्होंने काउंटी जेल में सजा काटी, जिसके बाद ICE ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
