लखीमपुर खीरी के ठुठवा मेले में कार्तिक पूर्णिमा पर घाघरा नदी में स्नान के बाद पूड़ी-सब्जी के साथ गरमागरम जलेबी खाने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम है। क्षेत्र के बुजुर्गों के मुताबिक, करीब चार सौ वर्ष पूर्व ईसानगर स्टेट के राजा रघुराज प्रताप सिंह ने इस मेले की शुरुआत कराई थी। उस समय मेले में गरीब कन्याओं को भोजन कराने के साथ साधु-संतों के लिए भंडारे आयोजित किए जाते थे और कन्याओं, साधु-संतों तथा आम लोगों को पूड़ी-सब्जी के साथ जलेबी परोसी जाती थी।

समय के साथ मेले का स्वरूप बदला और आधुनिक दुकानों, झूलों तथा मनोरंजन के साधनों ने जगह बना ली, लेकिन जलेबी खाने की यह परंपरा आज भी उसी उत्साह से निभाई जा रही है। श्रद्धालु घाघरा नदी में स्नान करने के बाद घाट किनारे बैठकर घर से लाई पूड़ी-सब्जी के साथ मेले की जलेबी का स्वाद लेते हैं। कोई परिवार के साथ यह परंपरा निभाता है तो कोई दोस्तों और रिश्तेदारों को जलेबी खिलाकर मेले की खुशियां साझा करता है। खरीदारी और घूमने आए लोग भी जलेबी चखना नहीं भूलते।

मेले में जलेबी की बात हो और 'नथुनियां छाप' जलेबी का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं। दुकानदार भी अपनी जलेबी की पहचान बताने में इस नाम का खूब इस्तेमाल करते हैं। कढ़ाही से निकलकर चाशनी में डुबोई गई गरमागरम जलेबी का स्वाद लेने के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटती है। मेले के करीब एक तिहाई हिस्से में जलेबी और मिठाई की दुकानें सजी हैं। अनुमान है कि प्रतिदिन कई क्विंटल जलेबी की बिक्री होती है। इस बार भी जलेबी की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।

मेले की चमक-दमक और बदलते दौर के बीच बहुत कुछ बदल गया, लेकिन घाघरा के घाट पर पूड़ी-सब्जी के साथ जलेबी खाने का रिवाज नहीं बदला। शायद यही वजह है कि ठुठवा मेले से लौटने वालों की यादों में खरीदारी और मनोरंजन के साथ जलेबी की मिठास भी लंबे समय तक बनी रहती है।