हल्द्वानी में मानदेय बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल 16 दिनों से जारी है। इसके कारण जिले के 1350 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 550 पर ताला लटक गया है। इन केंद्रों में पढ़ने वाले करीब 5000 बच्चे घर में बैठे हैं और उन्हें केंद्रों में मिलने वाली खिचड़ी, दलिया व हलवा भी नहीं मिल पा रहा है। वहीं गर्भवती और धात्री महिलाओं को टीएचआर भी नहीं बांटा जा रहा है।
ओखलकांडा, धारी, रामनगर और कोटाबाग ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह ठप हैं, जबकि हल्द्वानी के करीब 20 प्रतिशत केंद्रों में ताला लटका हुआ है। हड़ताल के चलते नौनिहालों, गर्भवती व धात्री महिलाओं के पोषाहार में संकट पैदा हो गया है।
शुक्रवार को बुध पार्क में कैबिनेट के फैसले का इंतजार कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं तब और भड़क गईं, जब बैठक में उनके हक की बात नहीं उठी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की प्रदेश सदस्य धनपा बिष्ट ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, वे हड़ताल में ही रहेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मानदेय में 140 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की जाए और केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रतिदिन का प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ताओं को 10 लाख रुपये देने का जीओ जारी होना चाहिए।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रेखा आर्या, अनीता आर्या, कमला पनेरू, गंगा बिष्ट, भीमा पंत, धीरज गौड़, रेनू बिष्ट, ममता बिष्ट, शकुंतला आदि मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि खबर में इस्तेमाल तस्वीर प्रतीकात्मक है, जिसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
