उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया 50 से अधिक जिलों में निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने सात नवंबर तक अंतिम सूची जारी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कई जिलों में यह सूची अब तक जारी नहीं हुई। प्रयागराज में भी प्रक्रिया अधूरी है। विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली से प्रदेशभर के शिक्षकों में नाराजगी है।

उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने मांग की है कि सोमवार तक सभी जिलों में पदोन्नति की अंतिम सूची जारी की जाए और 30 नवंबर तक पूरी प्रक्रिया तथा पदस्थापन का काम पूरा हो। संगठन के अध्यक्ष अनिल यादव ने राज्य सरकार और प्रमुख सचिव (बेसिक शिक्षा) से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि परिषद सचिव के आदेशों की अवहेलना करने वाले जिलों के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

कुछ शिक्षक चाहते हैं कि शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से होने वाली टीईटी परीक्षा के नतीजे जारी होने के बाद यह प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि वे भी पदोन्नति की दौड़ में शामिल हो सकें। शिक्षकों को आशंका है कि लगभग दस वर्ष के इंतजार के बाद शुरू हुई यह प्रक्रिया कहीं न्यायालय या तकनीकी कारणों से फिर न अटक जाए।

संगठन का यह भी मानना है कि यदि प्रक्रिया जल्द पूरी नहीं हुई तो विधानसभा चुनाव को देखते हुए आचार संहिता लगने पर यह लंबित पड़ सकती है। अनुमान है कि 62 हजार से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति हो सकती है।